#पौड़ी

चुनाव घोषणा से पहले अनिल बलूनी ने फूंका पौड़ी से चुनावी विगुल

Share Now

अनिल बहुगुणा अनिल

भले ही अभी आम चुनाव 2024 की विधिवत घोषणा नहीं हुई है लेकिन गढ़वाल से भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी अनिल बलूनी ने गढ़वाल की सियासत के एपीसेंटर पौड़ी से एक बड़े जलसे के साथ चुनावी शंखनाद कर दिया। दरअसल, जब निवर्तमान सांसद (राज्य सभा) अनिल बलूनी ने एक मुश्त अपनी सांसद निधि से भारी भरकम 15 करोड़ की धनराशि पौड़ी में माउंटेन म्यूजियम व प्लेनेटोरियम की स्थापना के लिए निर्गत किये तो , उन्होंने संकेत दे दिए थे कि संसद के उच्च सदन से अपनी पारी पूरी करने के बाद वह बारास्ता गढ़वाल लोक सभा क्षेत्र लोक सभा मे जाने का इरादा रखते हैं। पौड़ी केवल गढ़वाल की सियासत का मरकज़ ही नहीं बल्कि एक तरह से गढ़वाल संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का भी ऑफिसियल मुख्यालय भी है। ऐसे में पौड़ी को एक बड़ी सौगात देकर उन्होंने समूचे संसदीय क्षेत्र में एक मैसेज पास करने का भी कार्य किया।
सूत्रों के मुताबिक 16 मार्च को देश चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। इसी को देखते हुए अनिल बलूनी द्वारा आनन फानन में शिलान्यास कार्यक्रम भी सम्पन्न कर दिया गया। हालांकि आधिकारिक रूप से यह एक राजकीय कार्य था किंतु तकरीबन चुनाव घोषणा की पूर्व संध्या पर आयोजित यह कार्यक्रम एक तरह से राज्यसभा के निवर्तमान सांसद अनिल बलूनी का न होकर लोक सभा के भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी का हो गया।
शिलान्यास के उपरांत पौड़ी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में मौजूद तमाम नेताओं द्वारा माउंटेन म्यूजियम व तारा मंडल के बहाने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान का श्रीगणेश कर दिया गया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी बलूनी द्वारा पौड़ी में म्यूजियम व तारा मण्डल बनाने की पहल को पौड़ी व उत्तराखंड के लिए एक बड़ी सौगात करार देते हुए आगामी लोस चुनाव में पुनः भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान कर दिया। अनिल बलूनी ने तो पूरी साफगोई से स्वीकार करते हुए कहा कि हालांकि यह सरकारी कार्यक्रम है किंतु आज लोकसभा चुनाव की बात किये बिना नहीं रहा जा सकता। उन्होंने यहां तक कह दिया कि आप मुझे 5 लाख से अधिक मतों से संसद में भेजें, उसके बाद गढ़वाल की तस्वीर बदलने का पूरा दायित्व उनका है।
बहरहाल, आज पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के जरिये अनिल

बलूनी ने अपने प्रचार अभियान की अनाधिकारिक शुरुआत कर दी है। चुनाव घोषणा से पूर्व ही भाजपाईयों में जोश भर कर प्रचार अभियान के पहले चरण में अनिल बलूनी ने विपक्षी प्रत्याशी पर मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने का प्रयास किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *