#पौड़ी

नैथाना: आमजन के दर्शनार्थ समर्पित हुई वीर पुरिया नैथानी की मूर्ति

Share Now

पौड़ी॥ हिम तुंग वाणी

जनपद गढ़वाल की पौड़ी तहसील की मनियारस्यूँ पट्टी में स्थित गढ़वाल के इतिहास पुरुष पुरिया नैथानी की नवनिर्मित मूर्ति को आम जन के दर्शनार्थ खोल दिया गया है। इससे पूर्व विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी द्वारा आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने से पूर्व इसका विधिवत लोकार्पण कर दिया गया था। इधर आज पुरिया नैथानी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान हाथ मे तलवार लिए घोड़े में सवार पुरिया नैथानी की आदमकद प्रतिमा को आम जन के दर्शनार्थ समर्पित किया गया।

आगंतुकों को जानकारी देते निर्मल नैथानी

नैथाना गांव में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी, मनियारस्यूँ पट्टी के दर्जनों गांवों के ग्रामीण व अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शिरकत की। इस दौरान महिला मंगल दल व अनेक स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। आगंतुक लोगों द्वारा पुरिया स्मारक परिसर में बनी फ़ोटो गैलरी में भी पुरिया नैथानी से जुड़े चित्रों का अवलोकन भी किया गया। चित्रों के जरिये पुरिया नैथानी की चतुरता, वीरता, शौर्य व पराक्रम का प्रदर्शन किया गया है।

इस मौके पर विशेष रूप से शिरकत करने आये द्वारीखाल के क्षेत्र पंचायत प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि श्री पुरिया नैथानी सेवा ट्रस्ट की पहल पर उनके पैतृक गांव में मूर्ति स्थापना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे वर्तमान व आने वाली पीढ़ियों को पुरिया नैथानी की जीवनी से प्रेरणा मिल सकेगी।

मूर्ति व स्मारक निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाने वाले ट्रस्ट के निर्मल नैथानी ने बताया कि स्मारक के निर्माण में लंदन में रहने वाले गांव के डॉ सतीश नैथानी द्वारा प्रदत्त संसाधनों से ट्रस्ट को प्रेरणा व संबल मिला। इसी को देखते हुए आज डॉ सतीश नैथानी के जन्मोत्सव पर इस मूर्ति को आम जन के लिए समर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि मूर्ति स्थापना पहले चरण का कार्य था। पुरिया नैथानी स्मारक को आने वाले समय मे विस्तार देते हुए अनेक कार्य प्रस्तवित हैं जिनमे कुछ का निर्माण कार्य गतिमान है। आने वाले समय में इस स्थान पर एक भव्य व विहंगम स्मारक मूर्त रूप ले लेगा। जो ऐतिहासिक पर्यटन व लोक इतिहास के प्रति जिज्ञासा रखने वाले लोगों के लिए एक नया डेस्टिनेशन होगा।

कार्यक्रम में डॉ सतीश नैथानी, पूर्व प्रधान राकेश नैथानी , प्रधान

विज़िटर बुक में अपने विचार अंकित करते डॉ सतीश नैथानी

महाकान्त नैथानी, गिरीश नैथानी, कर्नल आनंद थपलियाल,पूर्व प्रधानाचार्य मनोहर सिंह रावत, जगमोहन डांगी के साथ ही बड़ी संख्या में पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व क्षेत्रीय महिला मंगल दल की महिलाएं मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन हेमंत नैथानी ने किया। इससे पूर्व राइका कांसखेत के छात्र छात्राओं द्वारा शिव स्रोत पर आधारित नृत्य नाटिका ने समां बांध दिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *