राहत: पर्वतीय जनपदों में अभी जारी रहेगी मैन्युअल फिटनेस
नई दिल्ली/देहरादून।।
उत्तराखंड में वाहन के क्षेत्र में कार्य कर रहे विभिन्न संगठनों द्वारा पर्वतीय जिलों में वाहनों की फिटनेस जाँच एवं ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के समक्ष रखा गया था, जिस पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया गया है।
भौगोलिक परिस्थितियों, लंबी दूरी और एटीएस केंद्रों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार एवं वाहनस्वामियों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार किया गया है। इसके तहत यह निर्णय लिया गया है कि जब तक पर्वतीय जिलों में एटीएस केंद्र पूर्ण रूप से स्थापित नहीं हो जाते, तब तक पूर्व की भांति आरटीओ पर मैनुअल फिटनेस जाँच के प्रावधान आमजन के हित में जारी रहेंगे।
लिए गए निर्णय के अनुसार उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ जिलों में एटीएस केंद्रों के संचालन के लिए 1 जुलाई 2026 तक, तथा टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं बागेश्वर जिलों में एटीएस के पूर्ण संचालन के लिए 31 दिसंबर 2026 तक पूर्व की भांति फिटनेस जाँच की व्यवस्था लागू रहेगी।






