डीएम गढ़वाल के आदेश पर बबाल, इंजीनियरस हुए लाल
पौड़ी/देहरादून।। हिमतुंग वाणी ब्यूरो
नेशनल हाईवे 07 के फरासू में 5 घंटे यातायात बाधित होने के कारण जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस भदौरिया द्वारा एग्जेक्युटिव इंजीनियर नेशनल हाइवे डिवीज़न श्रीनगर पर एफआईआर करने में आदेश के बाद प्रदेश भर के अभियंताओं में जबरदस्त आक्रोश है।
डीएम गढ़वाल स्वाति भदौरिया द्वारा सम्बंधित राजस्व उपनिरीक्षक के जरिये एफआईआर लिखवाने के तरीके को भी अभियंताओं ने उनकी गरिमा के खिलाफ बताया है। उनका कहना है कि अधिशासी अभियंता एक प्रथम श्रेणी का अधिकारी होता है और ऐसे संवेदनशील मसले पर यदि एफआईआर लिखवाना इतना अनिवार्य था तो कलक्टर को एफआईआर लिखवाने वाले कर्मी अथवा अधिकारी का चयन भी गरिमापूर्ण करना चाहिए था। उन्होंने व्यंग कसते हुए कहा कि क्यों नहीं डीएम ने किसी पटवारी के चपरासी से एफआईआर लिखवाई। फरासू लैंडस्लाइड जोन के बाबत अभियंताओं का तर्क है कि इस स्थान के पेरामनेंट ट्रीटमेंट के लिए टीएचडीसी को टेक्निकल कन्सल्टेंट बनाया गया है जिसके द्वारा इस स्पॉट के ट्रीटमेंट हेतु 39.39 करोड़ का एस्टीमेट भारत सरकार को भेजा गया है। यह जटिल मामला है जी किसी डीएम या एग्जेक्युटिव इंजीनियर लेबल का मामला नहीं है, ऐसे में डीएम गढ़वाल का यह तुगलकी फरमान उनकी काबिलियत पर भी सवालिया निशान लगाता है।
अभियंताओं ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि बुधवार तक यह एफआईआर वापस न ली गयी तो प्रदेश भर के इंजीनियर कार्य बहिष्कार और हड़ताल करने को मजबूर होंगे।





