एक लाख की रिश्वत लेते धरा गया चौकी प्रभारी
देहरादून।
उत्तराखंड में सरकारी अधिकारी और कर्मचारी लगातार रिश्वत लेते हुए विजलेंस टीम की पकड़ में आते जा रहे है। बीते रोज ही टिहरी जिले में नाजिर को 15 हजार रिश्वत लेते पकड़ा गया था कि अब आईएसबीटी चौकी प्रभारी थाना पटेलनगर देहरादून को एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून में एक शिकायती पत्र इस आशय से दिया कि उसके दोस्त व अन्य तीन लोगों के खिलाफ जावेद नाम के व्यक्ति ने बजांरावाला देहरादून में भूमि विवाद से सम्बन्धित एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया है जिसकी जांच आईएसबीटी चौकी इंचार्ज देवेश खुगशाल कर रहे थे।
चौकी इंचार्ज द्वारा गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे लगाकर बंद करने का भय दिखाकर उक्त जाँच से उसके दोस्तो का नाम हटाये जाने के लिए 5 लाख ₹ रिश्वत की माँग की जा रही थी। विजलेंस की टीम ने सारी तैयारियों के साथ चौकी प्रभारी को एक लाख की रकम रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। अब सतर्कता विभाग गिरफ्तार पुलिस अधिकारी से पूछताछ कर उसकी प्रॉपटी और बैंक एकाउंट की भी जांच कर रही है।





