#पौड़ी

लक्ष्मणझूला: पौड़ी पुलिस ने फिर दिया स्मार्ट पुलिसिंग का परिचय, एनआरआई महिला का बैग किया बरामद

Share Now

लक्ष्मणझूला (पौड़ी)
पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर स्मार्ट पोलिसिंग का परिचय दिया है। जिले के लक्ष्मणझूला पुलिस ने टप्पेबाजों द्वारा उठाये गए एक एनआरआई महिला के बैग को न केवल बरामद किया बल्कि दो टप्पेबाजों को भी गिरफ्तार कर लिया। अमेरिका निवासी दिल्ली की एनआरआई महिला तो बैग चोरी होने के बाद उम्मीद ही छोड़ चुकी थी किन्तु पुलिस ने बैग को मय कीमती सामान महिला को लौटाया तो वह पुलिस की सहृदयता व स्मार्ट पोलिसिंग देख गद गद हो गईं।

ऋषिकेश स्थित लक्ष्मणझूला क्षेत्र में देश के कोने-कोने के साथ ही विदेशों से भी तीर्थयात्री पर्यटन करने के लिए आते हैं,जहां पर अक्सर यात्रियों के साथ घटनाएं हो जाती हैं,जिनमें यात्रियों के सामान की चोरी और उठाईगिरी का अपराध शामिल रहता है। बीते रोज ऐसे ही एक मामले में लक्ष्मणझूला पुलिस ने शातिर चोर और टप्पेबाजों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।घटना के अनुसार,बीते रोज अंकिता कांत निवासी वसुंधरा एन्क्लेव दिल्ली (हाल निवासी यूएसए) ने थाने आकर अवगत कराया कि वह दिल्ली से परमार्थ आश्रम घूमने आई थीं,जहां परिसर में उनका कीमती बैग चोरी हो गया। इस बैग में सैमसंग S24 अल्ट्रा फोन,आईफोन 16 प्रो मैक्स,वीएसए ड्राइविंग लाइसेंस (न्यू जर्सी,यूएसए),अन्य कीमती दस्तावेज तथा 1200 रुपए नकद थे,जिन्हें किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था। सूचना पर अज्ञात चोर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।वही वादिनी अंकिता कांत ने यह भी बताया कि 2 मई को उनका जन्मदिन था और जब यह घटना हुई,तो उन्होंने उम्मीद खो दी थी कि उनका कीमती सामान उन्हें वापस मिलेगा। लेकिन पौड़ी पुलिस ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की,उससे उन्हें उनका सारा सामान सकुशल मिल गया। इस पर उन्होंने पौड़ी पुलिस का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया है।घटना के पश्चात पुलिस कप्तान पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल को चोरी की घटना के शीघ्र अनावरण हेतु निर्देशित किया गया था। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया,जिनके द्वारा घटनास्थल के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पूर्व में ऐसी घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों की कुंडली भी खंगाली गई। तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद और बेहतर सर्विलांस का उपयोग करते हुए देर रात बीटल आश्रम रोड पर जाने वाले रास्ते से अभियुक्त अमन पुत्र पंकज प्रसाद (निवासी नमामि गंगे घाट,चंद्रेश्वर नगर,चंद्रभागा,ऋषिकेश,जनपद देहरादून,उम्र 20 वर्ष) और शानू श्रीवास्तव पुत्र हरीश श्रीवास्तव (निवासी 185 गली नंबर 1,शीशम झाड़ी,मुनि की रेती,टिहरी गढ़वाल,उम्र 20 वर्ष) को चोरी के पूरे माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि दोनों पकड़े गए चोरों से सख्ती से पूछताछ की गई,तो अभियुक्त अमन ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और उसने अपने साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।अमन के आपराधिक इतिहास की जानकारी करने पर पता चला कि वह पूर्व में थाना रायवाला से स्मैक तस्करी में जेल जा चुका है।लक्ष्मणझूला पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी के लिए जनपद अपराध अभिलेख ब्यूरो व राज्य अभिलेख ब्यूरो से भी संपर्क किया गया है।थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने कहा कि लक्ष्मणझूला पुलिस ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई करती रहेगी। अभियुक्तों को आज चोरी के माल के साथ पौड़ी स्थित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।पुलिस टीम में।उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा,अपर उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह,हेड कांस्टेबल सुवर्धन,सुमन एवं राजीव कवि शामिल रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *