पारदर्शिता, समन्वय व जनसेवा हो प्राथमिकता: आयुक्त गढ़वाल, आनंद स्वरूप
■गढ़वाल कमिश्नर की पहली समीक्षा बैठक■
पौड़ी (गढ़वाल) ।।
गढ़वाल मंडल के कमिश्नर आनंद स्वरूप ने पौड़ी स्थित आयुक्त सभागार में मंडल व जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समन्वय बैठक की। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन और विभागीय तालमेल की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों से विभागवार योजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहित कार्यों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन होना चाहिए। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय को मजबूत प्रशासन की बुनियाद बताया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए और फील्ड स्तर पर विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। साथ ही सभी अधिकारियों को साप्ताहिक रोस्टर तैयार कर जनता के लिए अपनी उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जनसुनवाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
बैठक में वनाग्नि रोकथाम, सड़क-पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और आपदा प्रबंधन तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस मौके पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और अपने-अपने विभागों की प्रगति व चुनौतियों की जानकारी साझा की।





