#पौड़ी

पौड़ी: जिले में एलपीजी पर्याप्त, डीएम के निर्देश पर हो रही सघन छापेमारी

Share Now

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी बनाए रखने और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन व पूर्ति विभाग की टीमों ने व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। कोटद्वार के लालबत्ती चौराहे पर एक पिकअप वाहन से 20 खाली व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, बाट-माप निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की टीम ने वाहन को पकड़कर सिलेंडर जब्त किए तथा चालक के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत जनपद में कुल 203 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 8 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 189 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच में अनियमितता मिलने पर दो मामलों में 4600-4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया तथा दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
श्रीनगर में सीओ पुलिस अनुज कुमार, तहसीलदार दीपक भंडारी और पूर्ति निरीक्षक विवेक कैन्तुरा की टीम ने एक गैस गोदाम और दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दो घरेलू सिलेंडर जब्त किए। पूर्ति निरीक्षक केसी बौंठियाल ने दुगड्डा में एक पेट्रोल पंप व 16 प्रतिष्ठानों, विजय डोभाल ने पौड़ी में 11, तहसीलदार कुंदन सिंह नयाल की टीम ने धुमाकोट व नैनीडांडा में एक गैस गोदाम व 19 प्रतिष्ठानों, तथा चाकीसैंण में 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जहां दो मामलों में 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। राकेश पंत ने कोट व खोलाचौरी में 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दो मामलों में 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया। भूपेंद्र सिंह ने चैलूसैंण में 7, हेमेंद्र कुमार ने पाबौ में 13 और अभिषेक कर्णवाल ने लैंसडाउन में 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी रेखा आर्य के नेतृत्व में सतपुली में 13 प्रतिष्ठानों की जांच हुई। दिग्विजय राणा ने नौगांवखाल व पोखड़ा में एक गैस गोदाम, दो पेट्रोल पंप व 27 प्रतिष्ठानों, सचिन भट्ट ने थलीसैंण में एक पेट्रोल पंप व 6 प्रतिष्ठानों, जबकि प्रियंका बिष्ट व विशेष राठौर ने उफरैंखाल व रिखणीखाल में एक पेट्रोल पंप व 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। दिव्या मुखिया ने लक्ष्मणझूला में 16 प्रतिष्ठानों व 3 आश्रमों की जांच की।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद पौड़ी गढ़वाल में सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा 25 दिन की निर्धारित अवधि के बाद ही गैस बुकिंग कराने की अपील की। घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग या आपूर्ति में अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *