#पौड़ी

जल भराव वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर करें संयुक्त निरीक्षण: डीएम

Share Now

 

*शिकायतों पर प्रशासन की त्वरित पहल, नाला सफाई अभियान और निराश्रित गौवंश प्रबंधन को मिली गति*

पौड़ी।।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 19 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराते हुए शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों तथा पूर्व में दर्ज प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका को संयुक्त रूप से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर नालियों के अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल सफाई एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जनता मिलन कार्यक्रम में एमआईसी मोहल्ला लोअर चोपड़ा एवं ग्राम कोठार के ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने तथा अंतरिम व्यवस्था के तहत टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नया गैस कनेक्शन न मिलने की शिकायत पर कुलदीप सिंह की समस्या के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को सभी औपचारिकताएं पूरी कराते हुए तत्काल गैस कनेक्शन देने को कहा।

जनता मिलन कार्यक्रम में संयुक्त विकास समिति कठुली के सदस्यों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र सिंगोरी की मरम्मत, सड़क सुधारीकरण एवं सिलणगांव-सिंगोरी मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को संबंधित सड़क की मरम्मत एवं अन्य लंबित कार्यों में शीघ्र प्रगति लाने के निर्देश दिए।

ग्राम कांडा निवासी यशपाल सिंह नेगी द्वारा कांडा-धौलीधार मोटर मार्ग निर्माण एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर शिलापट्ट लगाने तथा पेडुल निवासी राजीव द्वारा सड़क कटान से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ता को मौके पर जाने से पहले सूचना देते हुए तत्काल निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा अन्य शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों द्वारा समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए हैं। जिसके तहत सभासद वार्ड संख्या-07 द्वारा उठाई गई जल निकासी एवं नालों की सफाई न होने संबंधी शिकायत का तत्काल समाधान किया गया। अधिशासी अभियंता जल संस्थान पौड़ी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत 08 बड़े एवं 08 छोटे नाले सहित अन्य छोटी नालियां स्थित हैं। वर्तमान में नगर पालिका द्वारा अधिकृत नाला गैंग के माध्यम से नियमित रूप से सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। अब तक 04 बड़े एवं 06 छोटे नालों की सफाई के साथ-साथ विभिन्न नालियों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

जबकि रघुवीर सिंह रावत द्वारा नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं से निजात दिलाने संबंधी शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करते हुए नगर पालिका द्वारा दैनिक रूप से पालिका क्षत्रेान्तर्गत निराश्रित गौवंशों को पकड़ते हुए पालिकास्वामित्व की ग्राम सिलेथ में रखा जा रहा है। वर्तमान तक कुल 52 निराश्रित गौवंशों काे नगरपालिका क्षेत्रान्तर्गत गौ-सदनों में भेजा जा चुका है। इसी प्रकार अन्य शिकायतों का भी त्वरित संज्ञान लेकर शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीना नेगी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टी.एस. रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *