#उत्तराखण्ड #पौड़ी

4 से 6 जून तक पौड़ी में जुटेंगे देश विदेश के गणितज्ञ

Share Now

पौड़ी।

हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विवि के बी.जी.आर. कैम्पस पौड़ी में 3 दिनों के लिए जुटेंगे देश विदेश के गणितज्ञ और स्टेटिक्स विज्ञान के विज्ञानी। इस बार विवि के पौड़ी परिसर में 4–6 जून 2026 तक ये अंतराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
परिसर, पौड़ी गढ़वाल स्थित गणित विभाग के प्रोफेसर व परिसर निदेशक और सम्मेलन के आयोजनकर्ता डॉ उमेश गैरोला ने बताया कि “गणितीय एवं गणितीय विज्ञानों में नवीन प्रगतियाँ” (Recent Advances in Mathematical and Statistical Sciences – RAMMS–2026) विषय पर
इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य गणित, सांख्यिकी, डेटा साइंस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अनुकूलन (Optimization), संगणकीय गणित तथा इनके बहु विषयी अनुप्रयोगों के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध एवं विकास पर विचार-विमर्श के लिए एक सशक्त मंच देना है। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों एवं वैज्ञानिक संगठनों से जुड़े विद्वान, शोधकर्ता, शिक्षक एवं विद्यार्थी भाग लेंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन 4 जून 2026 को डॉ. बी. जी. आर. परिसर, पौड़ी गढ़वाल में होगा। उद्घाटन सत्र में विशिष्ट शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। सम्मेलन के दौरान मुख्य व्याख्यान (Keynote Lectures), आमंत्रित व्याख्यान, तकनीकी सत्र एवं शोध-पत्र प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी।
सम्मेलन को देश एवं विदेश के शोधार्थियों और शिक्षाविदों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है तथा विभिन्न संस्थानों से बड़ी संख्या में शोध-पत्र प्राप्त हुए हैं। यह सम्मेलन युवा शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित करने तथा नवीन शोध प्रवृत्तियों को समझने का अवसर प्रदान करेगा।
आयोजन समिति के अनुसार वर्तमान युग में गणित एवं गणितीय विज्ञान वैज्ञानिक, तकनीकी एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह सम्मेलन शोध सहयोग को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा अकादमिक उत्कृष्टता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *