#उत्तराखण्ड #पौड़ी

पुरियाडांग के प्रमोद की सफलता से ग्रामीण सरकारी स्कूलों का बढ़ा मान

Share Now

पौड़ी।। हिम् तुंग वाणी ब्यूरो

हालांकि वर्तमान में यह धारणा बन चुकी है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करना सिर्फ औपचारिकता मात्र है। नतीजतन पहाड़ी क्षेत्र के सरकारी स्कूल-कॉलेजों में तो छात्र संख्या दहाई के अंक पर सिमटने लगी है। किंतु इस तिमिर में एक उजाले की किरण की तरह चमका है जनपद गढ़वाल के कल्जीखाल के राजकीय इंटर कॉलेज पुरियाडांग की दसवीं कक्षा का छात्र प्रमोद मेंदोला, जिसने कि उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा में 96 फ़ीसद अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में 15वीं रैंक प्राप्त की है।

ग्राम कलेथ के एक साधारण परिवार के लाड़ले प्रमोद ने अपनी मेहनत व लगन के बलबूते साबित कर दिया है कि प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। सरस्वती विद्या मंदिर घंडियाल में प्राथमिक शिक्षा पूरी करने वाले प्रमोद के पिता विधान चंद्र  निजी वाहन चालक हैं जबकि  माता कविता देवी आंगन बाड़ी में कार्यरत हैं। प्रमोद की बड़ी बहन भी अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना से जुड़ी हैं।

प्रमोद की इस सफलता पर कॉलेज के प्रिंसिपल इन चार्ज मनोज कुमार घुनियाल ने प्रमोद कुमार को बोर्ड परीक्षाओं में मैरिट सूची  में आने पर 5 हज़ार 1 सौ की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया है।
विद्यालय संस्थापक पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह नेगी,पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी,विद्यालय संरक्षक श्री आर पी नैथानी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष एवं एसएमसी अध्यक्ष जसवीर रावत क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती कविता देवी,ग्राम प्रधान एवं पूर्व पीटीए अध्यक्ष अशोक रावत वर्तमान पीटीए अध्यक्ष हिमानी भंडारी आदि ने प्रमोद की इस सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि ऐसे परिणामों से एक बार पुनः सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्रति अभिभावकों व छात्रों में विश्वास लौटेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *