कश्मीरी फेरी वालों से मारपीट पर जम्मू कश्मीर के सीएम नाराज
देहरादून। उत्तराखंड में राजधानी देहरादून के विकासनगर तहसील में फेरी लगा कर कश्मीरी उत्पाद बेचने वालों के साथ हुई गंभीर मारपीट के मामले में जम्मूकश्मीर के मुख्यमंत्री ने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को फोन कर नाराजगी जताई और कहा कि वे उम्मीद करते है कि आरोपी लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। डाकपत्थर क्षेत्र में बुधवार शाम को हमलावरों ने पीड़ित परिवार से उनकी पहचान पूछी और कश्मीरी होने की जानकारी मिलते ही हमला कर दिया।
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि उन्हें घसीटा गया और थप्पड़ मारे गए। 18 वर्षीय युवक पर लोहे की नुकीली रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही जम्मू कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन और राजनेताओं ने कड़ा विरोध जताया है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने सीएम धामी से साफ कहा कि देश के अन्य हिस्सों में कश्मीर के लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की और गृह मंत्रालय से अन्य राज्यों को संवेदनशील बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने हिमाचल और उत्तराखंड की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव हस्तक्षेप करने से पीछे नहीं हटेगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। धामी ने दोषियों को कानून के मुताबिक कड़ी सजा दिलाने का वादा किया है।
सीएम धामी ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में रहने वाले जम्मू-कश्मीर के सभी नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





