..तो अब 2027 में होगी नंदा राजजात यात्रा..!
कर्णप्रयाग।।
इस वर्ष प्रस्तावित श्रीनंदा देवी राजजात को स्थगित करते हुए 2027 के लिए प्रस्तावित किया गया है। बसंत पंचमी को राजजात का नया कार्यक्रम जारी होने की संभावना है।
कर्णप्रयाग में डॉ. राकेश कुंवर की अध्यक्षता में आयोजित श्रीनंदा देवी राजजात समिति की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि इस साल मलमास होने के कारण यात्रा सितंबर के अंत में समाप्त होने, यात्रा समाप्ति पर बुग्यालों में बर्फ होने, पड़ावों पर ढांचागत सुविधा के कार्य नहीं होने और प्रशासन के पुनर्विचार पत्र पर यह निर्णय लिया गया है।
हर 12 साल में आयोजित होने वाली नंदादेवी राजजात यात्रा न केवल भारत बल्कि पूरी एशिया की सबसे कठिन और सबसे लंबी पैदल धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है। उत्तराखंड की आस्था में मां नंदा देवी का स्थान सर्वोपरि है।
260 किलोमीटर लंबी यह यात्रा जंगलों, नदियों, घाटियों और बर्फीले दर्रों से होकर रूपकुंड और होमकुंड तक जाती है।
यात्रा की सबसे रोचक और रहस्यमयी परंपरा है एक विशेष भेड़, जिसे ‘चैसिंग्या खाडू’ कहा जाता है। यह खाडू़ चार सींगों वाला होता है और हर 12 साल में ही जन्म लेती है। यात्रा के दौरान यह विशेष खाडू मां नंदा की डोली की अगुवाई करता है, और यह माना जाता है कि मां नंदा इसी के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त करती हैं।





