उत्तरकाशी प्रेस क्लब में अज्ञात लोगों ने की तोड़फोड़
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी प्रेस क्लब के कार्यालय में रविवार की रात को अज्ञात लोगों ने तोड़ फोड़ कर डाली। इस मामले को उत्तरकाशी पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए है। पत्रकारों ने इसे लोकतंत्र की आवाज पर हमला बताया है। विकास भवन लदाणी स्थित प्रेस क्लब उत्तरकाशी में अज्ञात उपद्रवियों ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। क्लब के निचले हिस्से के दरवाजे पूरी तरह चकनाचूर हो गए, टेबल-कुर्सियाँ तोड़ी गईं, और कमरों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। प्रेस क्लब उत्तरकाशी ने इस घटना को “प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला” करार देते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अज्ञात हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।





