#पौड़ी

पौड़ी: शहर में निराश्रित सांडों का आतंक, बच्चे को किया घायल

Share Now

पौड़ी।

पूरी गढ़वाल जिले के गांवों में जहाँ गुलदार और भालुओं का आतंक कम नहीं हो रहा है वहीं अब जिला मुख्यालय पौड़ी में आवारा सांडों का आतंक हो गया है। नगरपालिका के तमाम दावों के बाद भी पौड़ी शहर से इनका आतंक खत्म नहीं हो पा रहा है। सोमवार को सांड के हमले में एक बच्चा व एक ग्रामीण घायल हो गया है। जिला अस्पताल पौड़ी में बच्चें का उपचार चल रहा है। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद ग्रामीण को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। स्थानीय लोगों ने शहर में
निराश्रित सांडों के हमलो से निजात दिलाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर में सांडों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में बच्चों व बुजुर्गों को आने-जाने में हमलों का खतरा बना है। वहीं पालिका प्रशासन पौड़ी का कहना है कि शहर के निराश्रित सांडों को आश्रय स्थल पहुंचाए जाने का कार्य तेजी से चल रहा है। शहर को जल्द ही निराश्रित सांड मुक्त कर लिया जाएगा।
सोमवार को तल्ली ढांडरी निवासी मनमोहन रोजाना की तरह गांव से पौड़ी दुकान आ रहा था। वह बस अड्डे से धारा रोड होते हुए अपर बाजार स्थित दुकान की और पैदल जा रहा था। इसी दौरान एक सांड ने अचानक मनमोहन पर पीछे से हमला कर दिया। जिसमें वह गिरकर घायल हो गया। आसपास के दुकानदारों से सांड को भगाया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनमोहन को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया। लोअर बाजार पौड़ी निवासी अंश रस्तोगी घर से नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल होने डीएवी इंटर कालेज पौड़ी जा रहा था। जहां पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर डीएवी स्कूल के सामने पैदल चल रहे अंश पर एक सांड ने हमला कर दिया। जिससे वह सड़क पर गिर गया। इस दौरान बच्चा एक कार की चपेट में आ गया। हादसे वह घायल हो गया। नाट्य संस्था नवांकुर व स्थानीय लोगों ने अंश को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया। जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डा. एलडी सेमवाल ने बताया कि अंश की बाई जांघ, मुंह व ढोडी पर चोट आई है। बच्चें का उपचार चिकित्सकों के टीम की निगरानी में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायल मनमोहन के कंधे व गले में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इससे पूर्व भी पिछले साल स्थानीय ब्यापारी शिव चरण गुलाटी को आवारा सांड ने पीछे से हमला के गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लगभग एक साल के इलाज़ के बाद वे ठीक हो पाये थे। स्थानीय लोगो का कहना है कि शहर में निराश्रित सांड राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। यातायात भी प्रभावित करते हैं। लेकिन पालिका प्रशासन इस दिशा में ठोस कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने शहर को निराश्रित सांडों के आंतंक से मुक्त किए जाने की मांग की है। वहीं ईओ नगर पालिका पौड़ी गायत्री बिष्ट ने कहा कि नगर क्षेत्र में निराश्रित सांडों से मुक्त बनाए जाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। सभी को आश्रय स्थलों में ले जाया जा रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *