पीएमजीएसवाई से चमकेंगी पौड़ी विस् क्षेत्र की ग्रामीण सड़कें
पौड़ी। अजय रावत अजेय
पौड़ी विधानसभा क्षेत्र की 30 से अधिक ग्रामीण सड़कों के दिन बहुरने की उम्मीद जागने लगी है। दरअसल, विधायक राजकुमार पोरी द्वारा विस् क्षेत्र के पौड़ी, कोट व कल्जीखाल विकास खण्डों की अनेक सड़कों के जीर्णोद्धार हेतु शासन को प्रस्ताव भेजे गए थे। जिनमें से करीब ढाई दर्जन सड़कों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है।
पौड़ी विधान सभा क्षेत्र के तहत पौड़ी सहित कल्जीखाल व कोट विकास खंडों की अनेक सड़कों की हालत खस्ता होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम यातायात में अनेक दिक्कतें पेश आ रही हैं। अनेक स्थानों पर सम्पर्क मार्गों की स्थिति ठीक न होने के कारण एक क्षेत्र का दूसरे क्षेत्र से संपर्क आसान नहीं है। ऐसे में भारत सरकार की ग्रामीण सड़कों को चाक चौबंद करने की महत्वाकांक्षी परियोजना पीएमजीएसवाई काफी कारगर साबित होती है। इसी को मध्यनजर रखते हुए पौड़ी विधान सभा क्षेत्र से विधायक राजकुमार पोरी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र की ऐसी सड़कों को चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजा था। जिसके तहत शासन द्वारा अनेक सड़कों के निर्माण व जीर्णोद्धार हेतु सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है।
पौड़ी विकास खण्ड के तहत घोरीखाल-रैदुल, झालीमाली-कंडारा, दड़वा देवी-गगवाड़ा, सिंडी-जसकोट-घुरदौरी, खंडयूसेण-कफलान, खराकोट-पुंडई, खपरोली-बणगावँ, ल्वाली-श्यामपुर शामिल हैं।
जबकि कल्जीखाल विकासखण्ड की धारी-ओलन-ओलनकोट, नगर-भटिगावँ, कांसखेत-डांगू, जखाली-पल्ली-कवर्स, ढादुखाल-सैनार-शैली, चमधार-सीरों-महड, मवाना-खंड-नैल, मुंडनेश्वर-सक्नोली, घंडियाल-सकनी शामिल हैं।

वहीं कोट विखं की पालिखाल-धमुंड, बिलकेदार-घुरदौरी से कोल्ट-रानीबाग, खांडयूसैन-बगोली से झांझर-सेमली, मसाण गांव-पोखरी, पलोट-रखूण, पालिखाल-गुंठ, खांडयूसैन से नवल तल्ला, जमनाखला-दमली, गलवान-खोला, डाडोगी-मंजकोट, सलडा-कंडोला, खोलाचौरी-डूंगर आदि सड़कें शामिल हैं।
इन सड़कों को शीघ्र ही अंतिम व वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इन सड़कों के निर्माण से पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में मजबूत सड़क नेटवर्क ग्रामीणों के लिए यातायात को सुगम बनाने में मददगार साबित होगा।





