#पौड़ी

बियोमैट्रिक्स उपस्थिति के साथ सीसी कैमरा की नजर में होगा जिपं पौड़ी

Share Now

पौड़ी।।
नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिला पंचायत कार्यालय में सीसी टीवी कैमरा लगाने के साथ ही कर्मियों की उपस्थिति हेतु बियोमैट्रिक्स सिस्टम स्थापित करने के आदेश दिए हैं। इससे जहां पारदर्शिता से कार्य होंगे वहीं लापरवाह कर्मियों पर भी नकेल कसी जा सकेगी।
प्रभारी अपर मुख्य अधिकारी भावना रावत के पदभार ग्रहण करने बाद जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने उन्हें जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि जिला पंचायत के अधीन होने वाले कार्यो में पारदर्शिता बनाये रखना पहली प्राथमिकता होगा। अनेक बार ऐसी शिकायतें आती रहती हैं कि जिला पंचायत कार्यालय के पटल से कुछ पत्रावलियां या तो गायब हो जाती हैं अथवा चोरी होने की अंदेशा व्यक्त किया जाता है। ऐसे में प्रत्येक पटल व केबिन को सीसी टीवी कैमरा सर्वलान्स में रखना अनिवार्य है। अध्यक्ष ने प्रभारी एएमए तो तत्काल सभी जरूरी स्थानों पर सीसी कैमरा स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं अध्यक्ष श्रीमती बुटोला ने कहा कि कतिपय कर्मियों के अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह होने अथवा समय पर कार्यालय न पंहुचने की शिकायतें भी मिल रही हैं। कर्मियों की तय समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल बियोमैट्रिक्स सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए।
अध्यक्ष ने जिला पंचायत के सभी शीर्ष अधिकारियों की बैठक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार व लापरवाही को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिपं के अधीन संपादित होने वाले कार्यों में पारदर्शिता लाना अधिकारी कर्मचारियों का पहला उद्देश्य होना चाहिए।

प्रभारी एएमए भावना व जिपं अध्यक्ष रचना बुटोला

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *