ग्रामोत्थान के तहत फ़ूडवैन संचालन का अभिनव प्रयोग
पौड़ी।। अजय रावत अजेय
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से चल रही ग्रामोत्थान परियोजना के तहत जिले की यमकेश्वर तहसील की सीमा ने एक अभिनव प्रयोग किया है। सीमा ने गंगा भोगपुर क्षेत्र में फ़ूड वैन का संचालन शुरू कर आजीविका का नया विकल्प ढूंढा है। सीमा की इस पहल की मुख्य विकास अधिकारी गढ़वाल गिरीश गुणवंत ने भी सराहना की है।
जुलाई 2024 से पूर्व सीमा भी अन्य महिलाओं की भांति जय माँ लक्ष्मी समूह से जुड़ी एक सामान्य गृहणी थी, किन्तु जुलाई 2024 में सीमा ने ही गंगा माता नाम की समिति की बैठक में एक फ़ूड वैन संचालित करने का प्रस्ताव रखा। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत उनके प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 3 लाख की लागत के इस प्रोजेक्ट के लिए 75 हजार का अनुदान भी स्वीकृत किया गया। इसके पश्चात सीमा ने पुराने तिपहिया ऑटो स्कूटर को फैब्रिकेट कर यम्मी हॉट स्पाइसी नाम से व्यवसाय शुरू किया। जिससे हर रोज वह एक से डेढ़ हजार की इनकम ले रही हैं वहीं त्योहारी व अन्य सीजन में आय का आंकड़ा काफी अधिक भी हो जाता है। इतना ही नहीं सीमा के साथ एक अन्य को भी रोजगार मिला है, जिससे यह फ़ूड वैन अब दो परिवारों की आजीविका का माध्यम बन गई है।
व्यवसाय के मोड को अपग्रेड करने से ही योजनाओं का मिलेगा लाभ: गुणवंत
सीमा देवी के इस अभिनव एक्सपेरिमेंट के बाबत जानकारी मिलने पर सीडीओ गढ़वाल गिरीश गुणवंत ने उसके फ़ूड वैन व्यवसाय को मौके पर जाकर देखा। उन्होंने सीमा के प्रयास की सराहना करते हुए इसे अन्य महिलाओं के लिए भी अनुकरणीय बताया। उनका कहना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने के लिए चलाई जा रही ग्रामोत्थान जैसी परियोजनाओं का कारगर लाभ तभी मिल सकता है जब परंपरागत उद्यम
व व्यवसाय के स्थान पर समय के मुताबिक अधिक लाभ देने वाले एवं प्रासंगिक उद्यमों को शुरू किया जाए।





