पौड़ी में ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक क्रशर व हॉटमिक्स प्लांट सीज़
पौड़ी।

जनपद में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे स्टोन क्रेशर और हॉट मिक्स प्लांटों पर जिलाधिकारी के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापामारी की जा रही है। छापामार दल द्वारा सतपुली के पास एक हॉट मिक्स प्लांट को आज भी सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान को लंबे समय से अवैध रूप से संचालित किये जा रहे स्टोन क्रेशरों और हॉट मिक्स प्लांटों के बारे में शिकायत मिल रही थी। इसी हफ़्ते पैठाणी स्थित क्रेशर को अवैध संचालित होते हुए सीज किया गया था कि बुधवार को सतपुली तहसील के नौगांव स्थित आर जी बी के हॉट मिक्स प्लांट को भी राजस्व विभाग और जिला खान निरीक्षक राहुल नेगी की मौजूदगी में सीज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस हॉट मिक्स प्लांट का संचालन बिना अनुमति के पिछले डेढ़ माह से किया जा रहा था। प्लांट पर मौजूद कर्मचारियों ने निरीक्षण दल को बताया कि उनके द्वारा लाइसेंस के लिए अप्लाई किया हुआ था लेकिन अभी तक उनको अनुमति नहीं मिली है, इसके बाद भी प्लांट का संचालन किये जाने की शिकायत जिलाधिकारी को मिली थी। छापे में प्लांट के पास अवैध भंडारण भी पाया गया है। छापे में 3315 घन मीटर रोड़ी और 324 घनमीटर डस्ट भी बरामद की गई है। जिला खान निरीक्षक/खान अधिकारी राहुल नेगी ने बताया कि प्लांट के कर्मचारियों को सख्त हिदायतों के साथ प्लांट को सीज कर दिया गया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला अधिकारी को मामला प्रेषित कर दिया गया है।





