पौड़ी व श्रीनगर में सजेगा लोकरंग उत्सव

●7 राज्यों के कलाकार दिखाएंगे सांस्कृतिक रंग●
पौड़ी।।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6 दिवसीय ‘लोकरंग उत्सव’ 25 मार्च से 30 मार्च तक उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है।
इसी श्रृंखला में 30 मार्च को पौड़ी और श्रीनगर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पराज इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से संपन्न होगा।
उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों—राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड—के सांस्कृतिक दल अपनी-अपनी लोक परंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को भारत की विविध और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए पराज संस्था के संस्थापक डॉ बीपी बलोदी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश की विभिन्न संस्कृतियों से परिचित कराना और लोक कला के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बनेगा, बल्कि क्षेत्र में कला और परंपराओं के प्रति रुचि को भी प्रोत्साहित करेगा।





