रामनगर: बाघ ने बनाया एक ग्रामीण को निवाला
नैनीताल। उत्तराखंड में लगता है जंगली जानवरों के हमले से ही मारा जाना है या फिर सड़क दुर्घटनाओं में। एक बार फिर से मानव-वन्यजीव संघर्ष में एक ब्यक्ति को अपनी जान गवानी पड़ गई, इससे स्थानीय लोगों में डर और दहशत बनी हुई है। ताजा घटना कुमाऊं मंडल के रामनगर में सामने आई। कॉर्बेट से सटे नए बायपास पुल क्षेत्र में देर शाम एक बाघ ने व्यक्ति पर हमला किया और उसे सड़क से उठाकर जंगल के अंदर ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रात में खोज अभियान रोकना पड़ा।
सुबह फिर से वन विभाग की टीम ने सघन सर्च अभियान चलाया। फायरिंग और बम पटाखों की आवाज के बीच बाघ के पगचिह्नों का पीछा करते हुए लगभग दो किलोमीटर जंगल के भीतर खोज की गई। इसी दौरान व्यक्ति का अधखाया शव बरामद हुआ। वन विभाग के अनुसार, केवल सिर बरामद हुआ है, जबकि बाकी शरीर के अंग बाघ द्वारा खा लिए जाने की आशंका है।।





