अनिल जोशी वापस लें अपनी एफआईआर:नौटियाल
देहरादून।
देश और प्रदेश के जानेमाने पर्यावरण विद, सोशियल एक्टिविस्ट अनूप नौटियाल ने अंकिता भंडारी के मामले में FIR लिखवाने वाले अनिल प्रकाश जोशी को सलाह दी है कि वे अपनी FIR वापस ले लें।
अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिये अनूप नौटियाल ने ये सलाह दी है। अनूप नौटियाल ने लिखा है कि, चाहे जो भी प्रलोभन, मजबूरी या परिस्थितियाँ रही हों, अनिल जोशी द्वारा अंकिता हत्याकांड में एफआईआर दर्ज कराना एक गलत कृत्य प्रतीत होता है। उन्होंने लिखा कि मैं उनसे कहना चाहूँगा कि उत्तराखंड प्रदेश में इस एफआईआर को लेकर जो व्यापक जनविरोध और आक्रोश की भावनाएँ व्याप्त हैं, वे उनका संज्ञान लें और अपनी एफआईआर वापस लेने की दिशा में विधिक राय लेकर आगे बढ़ें। अपनी पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा है कि,
यह सत्य है कि एफआईआर को सीधे “तुरंत वापस लेना” कानूनी रूप से संभव नहीं होता, लेकिन उपलब्ध कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से उनके द्वारा इस प्रकरण को समाप्त करने की दिशा में पहल की जा सकती है।
प्रदेश की जनता के समक्ष वे यह स्पष्ट रूप से कह सकते हैं कि जन मानस की भावनाओं का सम्मान करते हुए वे अपनी एफआईआर वापस ले रहे हैं। जनता जनार्दन सर्वोपरि है। जनता की भावनाओं के सामने बड़े से बड़ा व्यक्ति भी नतमस्तक और बौना हो जाता है। मैं यहां कोई असंभव बात नहीं कर रहा हूं बल्कि अनिल जोशी के इतर, अंकिता की माजी और पिताजी की एकमात्र एफआईआर को आधार मानते हुए सुप्रीम कोर्ट जज की देख रेख में सीबीआई जांच की मांग कर रहा हूं।





