पौड़ी: देवार गांव में मासूम पर झपटा गुलदार, किया लहूलुहान
पौड़ी।
गढ़वाल वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों मे गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे है। मंगलवार को दिनदहाड़े गुलदार ने कोट ब्लाक के देवार गांव में अपनी उपस्थिति फिर दर्ज करवा दी है। आंगनबाड़ी से घर जा रहे 4 साल के मासूम पर गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है।उसके सिर पर गंभीर घाव बने हुए है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। देवार के ग्राम प्रधान गौरव कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे 4 साल का अनमोल आंगनबाड़ी से छुटटी के बाद अपनी मां व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान छुंयाधार के पास घात लगाए गुलदार ने अनमोल पर हमला कर कर दिया। बताया कि अनमोल की मां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य ग्रामीणों के हो हल्ला करने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल अनमोल को जिला अस्पताल लाया गया। अनमोल के सिर पर हल्के घाव आए है। अस्पताल में उपचार के बाद अनमोल को छुटटी दे दी गई है। वहीं, क्षेत्र में दिनदहाड़े गुलदार के हमले से दहशत का माहौल बना हुआ है। नादलसयूं निवासी विनोद दनोशी, भाष्कर बहुगुणा आदि ने कहा कि आए दिन गुलदार के हमलों से पहाड़ में रहना जोखिम भरा हो गया है। सरकार को वन्यजीवों के निपटने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। इधर, गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में टीम भेजकर गश्त बढाई जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाएगा।





