पेपर लीक के मास्टरमाइंड ख़ालिद को हरिद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून।
यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक मामले में पुलिस ने इस लीक मामले के मास्टरमाइंड खालिद मलिक को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच एसपी देहात जया बलूनी कर रही थी । जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जिस परीक्षा कक्ष में खालिद ने परीक्षा दी, वहां जैमर नहीं था या लगाया ही नही गया था। पुलिस टीम अब कर्मचारियों और जैमर टीम से पूछताछ कर रही है।
जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र में कुल 18 कमरे थे, जिनमें से 15 में जैमर लगे थे। खालिद जिस कमरे (नंबर 9) में बैठा था, वहां जैमर लगा ही नहीं था, यहीं से खालिद ने परीक्षा के तीन पन्ने अपनी बहन साबिया को भेजे, जिन्होंने इसे प्रोफेसर सुमन चौहान तक पहुंचाया।
एसपी बलूनी ने बताया कि आरोपी साबिया ने पूर्ण जानकारी होने के बावजूद नकल कराने के उद्देश्य से प्रश्न भेजे और उत्तर प्राप्त किए, जिस आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खालिद परीक्षा केंद्र में डिवाइस कैसे लेकर आया। खालिद की गिरफ्तारी के बाद ही पेपर लीक की पूरी गुत्थी सुलझ सकेगी। खालिद की दूसरी बहन हीना और प्रश्न हल करने वाली प्रोफेसर सुमन चौहान भी पुलिस हिरासत में हैं। हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और देहरादून एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में खालिद से गोपनीय स्थान पर पूछताछ जारी है।यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर लीक प्रकरण अब गहरी साजिश का रूप ले चुका है। राज्यभर में युवाओं का गुस्सा सड़कों पर दिख रहा है तो वहीं पुलिस ने अन्य संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। जांच के लिए देहरादून, हरिद्वार और साइबर सेल की संयुक्त पांच टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गृह सचिव शैलेश बगौली और डीजीपी दीपम सेठ ने साफ किया है कि मामले की जांच पुलिस मुख्यालय की कड़ी निगरानी में चल रही है। डीजीपी ने दावा किया है कि पर्याप्त सबूत हाथ लगे हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रोफेसर से लेकर संगठन तक शक के घेरे में
पेपर लीक केस में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन और आरोपी खालिद की बहन साबिया की गिरफ्तारी हो चुकी है। खालिद की दूसरी बहन हिना से भी पूछताछ की गई, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके अलावा उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार के खिलाफ भी अनुचित साधन निवारण अधिनियम के तहत रायपुर थाने में केस दर्ज किया गया है।





