मातृशक्ति का नेतृत्व, शिक्षित युवा शक्ति व डिजिटल अपडेट से सुखद संदेश
पौड़ी। अजय रावत अजेय
मातृशक्ति के नेतृत्व से लैस व युवा जोश से लबरेज़ नवगठित जिला पंचायत पौड़ी की प्रथम बैठक से एक नई उम्मीद की जा सकती है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने गांवों में संपादित होने वाले कार्यों में पारदर्शिता बनाये रखने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का कारगर उपयोग करने की घोषणा की। वहीं युवा शिक्षित सदस्यों ने बेहतरीन तरीके से गांवों की तरक्की के लिए अपनी ओर से रोड मैप भी प्रस्तुत किये।
एक वर्ष तक प्रशासकों के अधीन रहने के बाद जब जिला पंचायत की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ तो जहां अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर युवा मातृशक्ति को जिम्मेदारी मिली वहीं बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित व नवयुवा सदस्यों को जनता द्वारा जिले के सबसे बड़े सदन में भेजा गया।
इसमें दो राय नहीं कि सदन में कम से एक दर्जन सदस्य ऐसे हैं जो उच्च शिक्षित होने के साथ तकनीकी रूप से बदल रहे वैश्विक परिदृश्य की भी अच्छी समझ रखते हैं। ऐसे इन सदस्यों का मुखरता से सदन में आवाज उठाना व अपने सुझाव प्रस्तुत करना भी भविष्य के लिए सुखद संदेश दे रहा है।
वहीं पहली बैठक में ही जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला द्वारा बताया गया कि इस सदन से पारित होने वाले प्रत्येक प्रस्ताव को “ई-ग्राम स्वराज पोर्टल”
में अपलोड किया जाएगा, जिसका हर कोई आसानी से अवलोकन कर सकेगा। जिला पंचायत के अधीन संपादित होने वाले सभी कार्यों की तीन चरणों में ‘जिओ टैगिंग/ट्रेकिंग’ सुनिश्चित की जाएगी। कार्य प्रारंभ होने से पूर्व एवं उसके पश्चात 50 फीसद कार्य के बाद कार्य सम्पन्न होने पर भी यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे कि हर कार्य पर पूरी पारदर्शिता से नजर रखी जा सके।

बा हर हाल , जिला पंचायत पौड़ी की पहली बैठक में डिजिटली अपडेट व ट्रांसपेरेंसी हेतु लिए गए निर्णयों से उम्मीद है कि जिपं के अधीन होने वाले विकास कार्यों पर आम ग्रामीण भी पैनी निगाह रख सकेंगे, जिसकी कि आज सबसे बड़ी दरकार है। वहीं सदन में उच्च शिक्षित व प्रगतिशील सोच रखने वाले नव युवा सदस्यों के सुझाव जिला पंचायत को एक नया कलेवर प्रदान करेंगे, जो जिपं की परंपरागत छवि को बदलेंगे व तथाकथित परंपरागत नेताओं के डोमिनेशन को कम करेंगे।





