#पौड़ी

कलक्टर गढ़वाल की कुर्सी पर बैठने से पूर्व स्वाति ने कंडोलिया ठाकुर से लिया आशीर्वाद

Share Now

 

●48 साल बाद पौड़ी को मिली महिला जिलाधिकारी, स्वाति एस. भदौरिया ने संभाला मोर्चा●

●कलेक्ट्रेट पहुंचते ही किया निरीक्षण, फाइलों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश●

पौड़ी।।

नवनियुक्त जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रविवार को कार्यभार संभालने के बाद सोमवार को पहले ही दिन कलेक्ट्रेट कार्यालय में पहुंचकर विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीय कार्य प्रणाली में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कहा कि पंजिकाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं और पत्राचार अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली से ही किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि बिना पूर्व अनुमति कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि जो भी कार्मिक अवकाश या फील्ड ड्यूटी पर हों उनकी जानकारी प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी फाइलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, भूमि अभिलेख, सूचना का अधिकार पटल, प्राधिकरण अनुभाग सहित अन्य अनुभागों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

गौरतलब है कि जनपद को 48 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर महिला जिलाधिकारी मिली हैं। वर्ष 1976-77 में ज्योति पांडे जिले की पहली महिला डीएम बनी थीं। अब स्वाति एस. भदौरिया के रूप में पौड़ी को दूसरी महिला जिलाधिकारी मिली हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, उपजिलाधिकारी लेंसडाउन शालिनी मौर्य, उपजिलाधिकारी यमकेश्वर अनिल चन्याल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत, ई–डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

इससे पूर्व

 

नवनियुक्त जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने से पहले धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए शहर के प्रसिद्ध कंडोलिया ठाकुर मंदिर और प्राचीन क्यूंकालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ उन्होंने अपने प्रशासनिक कार्यकाल की शुरुआत की।
मंदिर दर्शन के पश्चात जिलाधिकारी सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को वे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगी। जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासन में पारदर्शिता, कार्यों की गति और सभी विभागों के साथ समन्वय बनाते हुये प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त किया जायेगा। साथ ही उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया और कहा कि इसके लिये हमारी टीम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा देने की बात करते हुये उन्होंने कहा कि इन तीनों क्षेत्रों में ठोस कार्ययोजना के साथ प्रगति सुनिश्चित की जायेगी। इसके साथ ही जिले में गुलदार की बढ़ती घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि अधिक प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाएंगे और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ा जायेगा, जिससे वह अपने ही क्षेत्र में स्वरोजगार कर सकेंगे। साथ ही पलायन पर भी रोक लग सकेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल, वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा, त्रिभुवन उनियाल, अजय रावत, राकेश रमण शुक्ला, मनोहर बिष्ट, गणेश नेगी, जसपाल नेगी, कुलदीप बिष्ट, मुकेश बछेती, सिद्धांत उनियाल, मुकेश आर्य, मुकेश सिंह, करण नेगी, भगवान सिंह, दीपक नौड़ियाल, अंकित उनियाल सहित अन्य उपस्थित थे।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *