कार नदी में समाई, नवजात सहित चार की मौत
हल्द्वानी।। हल्द्वानी में मंडी समिति गेट के सामने तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर शारदा कैनाल नहर में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक तीन दिन का नवजात भी शामिल है। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, किच्छा निवासी एक परिवार अपने नवजात बच्चे को लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल से घर लौट रहा था। सुबह लगभग सात बजे कार मंडी समिति के पास से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे नहर में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि देखते ही देखते कार पानी में समा गई।
चार लोगों की मौके पर ही मौत, नवजात भी नहीं बच सका
हादसे में कार सवार महिला तो किसी तरह बच गई, लेकिन उसका तीन दिन पहले जन्मा बच्चा डूब गया। महिला के पति की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू के दौरान एक फायर कर्मी भी नहर के तेज बहाव में बह गया, लेकिन उसने खुद को भी बचाया और कार चालक की जान भी बचा ली।





