#पौड़ी

यमकेश्वर: रसूखदार लोगों द्वारा बिना अनुमति के बनाई जा रही सड़क

Share Now

पौड़ी।।
पट्टी उदयपुर तल्ला के राजस्व उपनिरीक्षक द्वारा उपजिलाधिकारी यमकेश्वर को भेजी जांच आख्या में ग्राम मराल के खैरखाल तोक में सड़क निर्माण हेतु 156 घन मीटर पहाड़ कटान की बात कही गयी है। गौरतलब है कि इस सड़क के निर्माण का कोई भी वैध अनुमति अभी तक निर्माण कर रहे ठेकेदार द्वारा प्रस्तुत नहीं की जा सकी है।
उपनिरीक्षक द्वारा मौके पर मुआवना किये जाने के दौरान पाया गया कि खैरखाल तोक में अर्थ मूवर मशीन संख्या यूके08बीई3339 द्वारा पहाड़ कटान कर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। पूछताछ में मशीन ऑपरेटर व मजदूरों ने बताया कि उक्त स्थान पर पीयूष अग्रवाल, अभिषेक भट्ट व गंगा सिंह नामक भूस्वामियों द्वारा होटल का निर्माण प्रस्तावित है। इस होटल तक अप्रोच रोड के निर्माण का ठेका भूस्वामियों द्वारा हरिद्वार की एक कॉन्ट्रैक्ट कम्पनी को दिया गया है। इस बाबत जब रेवेन्यू सब इंस्पेक्टर द्वारा निर्माण कम्पनी के मौके पर मौजूद कर्मी राजेश से सड़क निर्माण व पहाड़ कटान की अनुमति सम्बन्धी पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह निरुत्तर हो गया। राजस्व उपनिरीक्षक ने राजेश कुमार के ख़िलाफ़ बिना अनुमति सड़क निर्माण व पहाड़ कटान करने का उल्लेख करते हुए एसडीएम को वैधानिक कार्रवाई करने की संस्तुति अग्रसारित की है।
ज्ञात हो कि उक्त भूमि पर प्रदेश सरकार व भाजपा संगठन से जुड़े बड़े नेताओं के परिजनों का स्वामित्व है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि अपनी पंहुच व रसूख का इस्तेमाल कर भूस्वामियों द्वारा बिना अनुमति पहाड़ कटान व सड़क निर्माण किया जा रहा होगा। अब देखना है कि जिला प्रशासन गढ़वाल इस हाई प्रोफाइल मामले में कितनी कड़ी कार्रवाई करने में सक्षम होता है।

राजस्व निरीक्षक द्वारा एसडीएम को भेजी गई आख्या

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *